कौन हैं बीट्रिज़ टॉफेनबाख?

कौन हैं बीट्रिज़ टॉफेनबाख?

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ की को-स्टार जो आजकल सुर्खियों में हैं..!आइए आपको बताते हैं।
यश की आगामी फिल्म टॉक्सिक “ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स” इन दिनों विवादों के चलते चर्चा में है। फिल्म के टीज़र के सामने आने के बाद कर्नाटक राज्य महिला आयोग में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें टीज़र को आपत्तिजनक करार दिया गया। इसी विवाद के चलते दर्शकों की नजर टीज़र में यश के साथ दिखाई देने वाली एक विदेशी अभिनेत्री पर पड़ी, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी जिज्ञासा देखी गई।
शुरुआत में कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यश के साथ दिखने वाली महिला अभिनेत्री नैटली बर्न हैं, लेकिन बाद में यह जानकारी झूठी साबित हुई। इस भ्रम को दूर करने के लिए फिल्म की निर्देशक गीतु मोहनदास ने खुद इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर इसकी सच्चाई से अवगत कराया
कौन हैं बीट्रिज़ टॉफेनबाख?
गीतु मोहनदास ने अभिनेत्री की तस्वीर साझा करते हुए पुष्टि की कि वह बीट्रिज़ टॉफेनबाख हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “यह मेरी सेमेट्री गर्ल बीट्रिज़ टॉफेनबाख हैं,” जिसके बाद तमाम अटकलों पर विराम लग गया।
बीट्रिज़ टॉफेनबाख एक ब्राज़ीलियाई मॉडल और अभिनेत्री हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2014 में मॉडलिंग से की थी और बाद में अभिनय की दुनिया में उन्होंने कदम रखा। फिल्मों के साथ-साथ वह एक सिंगर भी हैं, जिससे उनकी पहचान एक बहु-प्रतिभाशाली कलाकार के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टॉक्सिक के टीज़र को लेकर हो रही आलोचना और विवाद के चलते बीट्रिज़ टॉफेनबाख ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है, हालांकि इस पर उनकी तरफ से कोई आधिकारिक बयान अभी तक सामने नहीं आया है।
फिल्म का विवाद तब और बढ़ गया जब एक राजनीतिक पार्टी के महिला विंग ने टीज़र को “अश्लील और आपत्तिजनक” बताते हुए महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई और इसे सार्वजनिक प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की। फिलहाल फिल्म के निर्माताओं की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
टॉक्सिक ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स को यश और गीतु मोहनदास ने मिलकर लिखा है और निर्देशन भी गीतु मोहनदास ने किया है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया जैसे बड़े दिग्गज सितारे नजर आएंगे। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज़ होने वाली है और बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ से टकराएगी।अब देखना है आखिर ये फिल्म कितना तहलका मचा पाती है..? खैर थोड़ा सा इंतजार और बचा है, ये फिल्म आपके सामने होगी!

Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x